इंग्लिस्तान जब डरा था !
के. विक्रम राव

विशाल ब्रिटिश साम्राज्य से आज ही के दिन (3 मार्च 1970) एक टापूनुमा, मोहल्ले के बराबर इलाके ने अपने को स्वाधीन गणराज्य घोषित कर दिया था| मलिका एलिजाबेथ द्वितीय की चिंता तीव्र हो गई थी| क्योंकि ठीक पांच वर्ष पहले (1965) दक्षिणी अफ्रीका-स्थित ब्रिटिश उपनिवेश रोडेशिया के श्वेत प्रधान मंत्री इयान डगलस स्मिथ ने अपने देश को ब्रिटेन से आजाद घोषित कर दिया था| आज वह जिम्बाब्वे कहलाता है, जहाँ तानाशाह रोबर्ट मुगाबे थे|
इस विप्लवी क्षेत्र का नाम है “आइलैंड ऑफ़ डॉग्स” (कुक्कुर प्रायद्वीप) जो लन्दन के टेम्स नदी के मुहाने पर बसा है| चाँदनी चौक या लखनऊ के गोमतीनगर से भी क्षेत्रफल में छोटा है| इस जनविद्रोह, जिसकी आज रजत जयंती है, के नेता फ्रेड जोन्स की माँग थी कि इस कछारी क्षेत्र में जनसुविधाएं पर्याप्त हों | यहाँ के दस हजार श्वेत नागरिक अपना शासन स्वयं चलाना चाहते थे| लन्दन के भूभाग से पृथक होने की यही खास वजह रही| साम्राज्य-विरोधी कदम में वहाँ के विद्रोहियों ने केवल लंदन परिवहन की दो बसें ‘अवैध प्रवेश’ के अपराध पर पकड़ ली, जिसे पुलिस ने बाद में छुड़ा लीं| किस्सा तो मच्छर बनाम हाथी जैसा था पर विश्वभर की मीडिया ने ऐसी सुर्खी बनाई कि मानो बड़ा युद्ध शुरू हो गया हो| प्रासंगिक भी था, क्योंकि पिछले युद्ध में एडोल्फ हिटलर की नाजी वायुसेना ने इसी टापू पर अथक बमवर्षा की थी| इसका नौसैनिक महत्व रहा था| इसी प्रायद्वीप में दो सदियों तक ईस्ट इंडिया कंपनी का मुख्यालय था| इसी कंपनी ने विशाल, ऐतिहासिक राष्ट्र भारत को ढाई सदी तक उपनिवेश बनाया था, लूटा था| राबर्ट क्लाइव इसका मुलाजिम था|
चन्द दिनों तक “स्वतंत्र” रहे, लन्दन से सटे इस “नवराष्ट्र” का इतिहास रोचक है| यहाँ इंग्लैण्ड के राजालोग अपने शिकारी कुत्तों को रखते थे। उसी से नाम पड़ा| बादशाह रिचर्ड तृतीय ने यहां अपनी श्वानशाला (घुड़साल के साथ) बनायी थी। रिचर्ड हत्यारा बादशाह कहलाता था, जिसने अपने भाई, भतीजे और भांजे को मरवा डाला था। शेक्सपियर ने इसपर एक नाटक लिखा था| यहीं ट्यूडर बादशाह हेनरी अष्टम भी निरीक्षण पर आता था| हेनरी की छ पत्नियां थी| वह पहली पत्नी कैथरीन को तलाक देना चाहता था, पर संभव नहीं हो रहा था। उसका पिता स्पेन का बड़ा राजा था, जो रोम के पोप पर भारी था। रोमन इसाई धर्म में तलाक वर्जित है। तब हेनरी अपनी रानी कैथरीन की दासी से इश्क कर रहा था। यह एनाबोलीन बड़ी सुंदर थी। अतः प्यार के खातिर हेनरी ने इंग्लैंड का राष्ट्रधर्म ही बदल डाला। इंग्लैण्ड से पोप के पादरियों को भगा दिया और “चर्च ऑफ़ इंग्लैंड” का नया धर्म प्रवर्तित किया। अर्थात ब्रिटेन का यह स्वाधीन ईसाई धर्म एक दासी से प्रेम का नतीजा है।
आज यह “आइलैंड ऑफ डॉग्स” मुंबई के 10वें भूभाग के बराबर होकर भी फिल्मों के उत्पादन में काफी बड़ा है। जेम्स बॉन्ड की सारी समुद्री मारधाड़ वाली फिल्मों की इसी प्रायद्वीप पर शूटिंग हुई है। हैरी पॉटर की फिल्में भी| इस टापूनुमा मोहल्ले में सिनेमा बनाने की अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पड़ोसी लंदन के समकक्ष। मगर ब्रिटिश इतिहास में 3 मार्च 1970 दर्ज रहेगा। “आइलैंड ऑफ डॉग्स” भी स्मरणीय रहेगा।
वरिष्ठ पत्रकार के.विक्रम राव के फेसबुक वाल से